जमशेदपुर। झारखंड राज्य के गठन के आंदोलन में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को सम्मान पत्र और सम्मान राशि से संबंधित प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की मांग को लेकर मंगलवार को झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के सदस्यों ने जमशेदपुर उपायुक्त कार्यालय के मुख्य गेट के समीप धरना-प्रदर्शन किया। आंदोलनकारियों ने प्रशासन से सरकार के निर्देशों का पालन करते हुए चिन्हित सभी आंदोलनकारियों को जल्द सम्मान पत्र उपलब्ध कराने की मांग की।
झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा के कोल्हान प्रमंडल अध्यक्ष विश्वजीत प्रमाणिक ने कहा कि सरकार ने आंदोलनकारियों को सम्मानित करने की दिशा में निर्देश जारी किया था, लेकिन अब तक सभी पात्र आंदोलनकारियों को इसका लाभ नहीं मिल पाया है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले में गंभीरता दिखाते हुए लंबित प्रमाण पत्रों का वितरण जल्द सुनिश्चित करने की मांग की।
मोर्चा के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष शिबू काली माईती ने कहा कि अलग झारखंड राज्य के लिए आंदोलन करने वाले लोगों के संघर्ष और योगदान को सरकारी स्तर पर सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई चिन्हित आंदोलनकारी अभी भी सम्मान पत्र मिलने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। प्रशासन को उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करना चाहिए।
आंदोलनकारियों ने उपायुक्त को सौंपे पत्र में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के आदेश का भी उल्लेख किया है। उनका कहना है कि विभाग की ओर से 30 जुलाई 2025 के आदेश के आलोक में झारखंड आंदोलनकारियों के बीच सम्मान पत्र वितरित करने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद कई आंदोलनकारियों को अब तक सम्मान पत्र और उससे संबंधित प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराया गया है।
मोर्चा के सदस्यों ने कहा कि सम्मान पत्र उनके लिए महज एक दस्तावेज नहीं है, बल्कि झारखंड राज्य के निर्माण के लिए किए गए संघर्ष की सरकारी मान्यता है। जब सरकार ने सम्मान पत्र वितरण का आदेश जारी कर दिया है, तो उसके क्रियान्वयन में देरी का कोई औचित्य नहीं है। आंदोलनकारियों ने प्रशासन से तत्काल पहल कर लंबित प्रमाण पत्रों का वितरण कराने और पात्र आंदोलनकारियों को उनका अधिकार दिलाने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी भी की और कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे |

