Breaking
Mon. Aug 10th, 2026

‘जो खेलेगा, वही खिलेगा’ के संदेश को धरातल पर उतारने के लिए होगा फुटबॉल टूर्नामेंट : दुलाल भुईयां

जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘जो खेलेगा, वही खिलेगा’ के संदेश को प्राथमिकता देते हुए युवाओं को खेल से जोड़ने और ग्रामीण एवं स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से 14 और 15 अगस्त को भुईयांडीह दुर्गा पूजा मैदान में दो दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता 79वें स्वतंत्रता दिवस की वर्षगांठ के साथ झारखंड आंदोलनकारी शहीद कालीपोदो भुईयां की स्मृति को समर्पित होगी। यह जानकारी पूर्व मंत्री सह भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दुलाल भुईयां ने सोमवार को मिष्टी होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

दुलाल भुईयां ने कहा कि आज के समय में युवाओं को नशे और गलत दिशा से दूर रखने का सबसे प्रभावी माध्यम खेल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार युवाओं को खेलों से जोड़ने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की बात कहते रहे हैं। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बेहतर मंच मिल सके।

उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं में खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना विकसित करना भी है। स्थानीय स्तर पर प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना प्रतियोगिता की प्राथमिकता होगी।

फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन अखिल भारतीय भुईयां समाज कल्याण समिति और सेंट्रल भीम बिरसा मुंडा फुटबॉल एकेडमी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता में अधिकतम 32 टीमें हिस्सा लेंगी। सभी मुकाबले 7-ए-साइड प्रारूप में खेले जाएंगे। प्रत्येक टीम के लिए प्रवेश शुल्क 1500 रुपये रखा गया है। सभी टीमों के खिलाड़ियों को जर्सी और बूट के साथ मैदान में उतरना अनिवार्य होगा।

प्रतियोगिता में विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को आकर्षक पुरस्कार, जर्सी और शील्ड प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा मैन ऑफ द मैच, बेस्ट गोलकीपर और बेस्ट अनुशासित टीम को भी पुरस्कृत किया जाएगा। प्रतियोगिता में रेफरी और लाइन्समैन के लिए भी जर्सी की व्यवस्था की गई है। मैचों का संचालन जेएसए के रेफरी द्वारा किया जाएगा। मुकाबला ड्रॉ होने की स्थिति में टॉस के माध्यम से निर्णय लिया जाएगा और आयोजन समिति का निर्णय अंतिम माना जाएगा।

दुलाल भुईयां ने बताया कि 15 अगस्त को महिला फुटबॉल टीमों के बीच 30 मिनट का प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया जाएगा। महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदर्शनी मैच में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को कप, शील्ड और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शहीद कालीपोदो भुईयां उनके छोटे भाई थे। उनकी स्मृति में आयोजित यह प्रतियोगिता युवाओं और खेल प्रतिभाओं को समर्पित है। उन्होंने कहा कि झारखंड के आंदोलन और समाज के लिए कालीपोदो भुईयां के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी आयोजन का उद्देश्य है।

दुलाल भुईयां ने बताया कि कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, विधायक पूर्णिमा साहू और भाजपा नेता अमरप्रीत सिंह काले समेत कई प्रमुख लोगों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने शहर और आसपास के खेल प्रेमियों से प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।

Related Post