Breaking
Mon. Aug 10th, 2026

छात्र आंदोलन को लेकर जमशेदपुर में निषेधाज्ञा लागू, पांच या अधिक लोगों के जुटने पर रोक

जमशेदपुर। राज्य में चल रहे छात्र आंदोलन को देखते हुए जमशेदपुर शहर में विधि व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। प्रशासन के आदेश के अनुसार 10 अगस्त 2026 की मध्य रात्रि 12 बजे से शहर में निषेधाज्ञा लागू कर दी जाएगी, जो अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी।

निषेधाज्ञा के दौरान संबंधित क्षेत्र में पांच या उससे अधिक व्यक्तियों के एक स्थान पर एकत्रित होने पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा जुलूस निकालने, प्रदर्शन करने, धरना देने और सभा आयोजित करने पर भी रोक रहेगी। ऐसे किसी भी आयोजन की अनुमति नहीं होगी, जिससे शहर की विधि व्यवस्था अथवा शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका हो।

जिला प्रशासन ने छात्र आंदोलन के मद्देनजर सभी आवश्यक सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियां की हैं। प्रशासन की ओर से आम लोगों से निषेधाज्ञा का पालन करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई है।

प्रशासन ने नागरिकों को अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की भी हिदायत दी है। खासकर सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के भ्रामक, आपत्तिजनक या भड़काऊ संदेश को साझा अथवा प्रसारित नहीं करने को कहा गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी सूचना पर विश्वास करने या उसे आगे बढ़ाने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करें।

Related Post