Breaking
Fri. Aug 7th, 2026

बिस्तूपुर से 70वें वर्ष कावड़ यात्रा पर निकला श्रद्धालुओं का जत्था, देवघर के लिए हुए रवाना

जमशेदपुर: श्रावण मास के पावन अवसर पर शुक्रवार सुबह बिस्तूपुर स्थित नवयुवक कावड़िया संघ के श्रद्धालुओं का एक जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए कावड़ यात्रा पर रवाना हुआ। संघ पिछले 70 वर्षों से लगातार कावड़ यात्रा का आयोजन करता आ रहा है।

यात्रा के दौरान श्रद्धालु सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर पैदल देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर यात्रा के सफल एवं मंगलमय संपन्न होने की प्रार्थना की।

इस मौके पर कैट के राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुरेश सोंथालिया और किशन संघी ने श्रद्धालुओं को पुष्पमाला पहनाकर शुभकामनाएं दीं और उनका उत्साहवर्धन किया।

यात्रा दल के सदस्य सुनील सोंथालिया ने बताया कि बाबा भोलेनाथ की कृपा से पिछले 70 वर्षों से हर साल श्रद्धा और अनुशासन के साथ कावड़ यात्रा में शामिल होते आ रहे हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान स्वच्छता, सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की।

रवाना होने के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, स्थानीय नागरिक और समाजसेवी मौजूद रहे। सभी ने “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ कावड़ यात्रा दल को देवघर के लिए विदा किया।

Related Post