चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू-हिलटॉप मुख्य सड़क पर मंगलवार देर शाम मैगजीन के समीप हुए सड़क हादसे में हिलटॉप डाकघर के पोस्टमास्टर काली चरण माझी की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मोटरसाइकिल पर सवार सीआईएसएफ जवान राउतु मरांडी गंभीर रूप से घायल हो गए। जवान के सिर में गंभीर चोट लगी है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए राउरकेला स्थित इस्पात जनरल अस्पताल (आईजीएच) रेफर किया गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, काली चरण माझी और सीआईएसएफ जवान राउतु मरांडी मंगलवार को मोटरसाइकिल से किरीबुरू बाजार आए थे। बाजार का काम पूरा करने के बाद दोनों हिलटॉप स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मैगजीन के समीप उनकी मोटरसाइकिल असंतुलित हो गई, जिससे दोनों सड़क हादसे का शिकार हो गए। दुर्घटना के बाद दोनों को तत्काल सेल, किरीबुरू जनरल अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में पोस्टमास्टर काली चरण माझी की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया। सीएमओ डॉ. नंदी जिराई, डॉ. पीआर सिंह और अन्य चिकित्सा कर्मियों की टीम ने सीपीआर देकर उनकी सांसें वापस लाने की कोशिश की, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनकी मौत की खबर से अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों में शोक छा गया।
वहीं, हादसे में घायल सीआईएसएफ जवान राउतु मरांडी की स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए तत्काल आईजीएच, राउरकेला भेजने का निर्णय लिया। अस्पताल प्रबंधन ने एंबुलेंस से उन्हें सुरक्षित रवाना करने की व्यवस्था की।
घटना की सूचना मिलने पर सीआईएसएफ के उप समादेष्टा मयूर एंग्ले अन्य अधिकारियों और जवानों के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल जवान को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उन्हें तत्काल राउरकेला भेजने की प्रक्रिया की निगरानी की। हादसे में पोस्टमास्टर की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।

