हजारीबाग: जिले के टाटीझरिया प्रखंड के अमनारी गांव में लगातार हो रही बारिश के बीच एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। बारिश के कारण एक संयुक्त परिवार के पुराने मिट्टी के मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। जब परिजन मलबा हटाने में जुटे तो दीवार के भीतर चुनवाकर रखा गया मिट्टी का एक बड़ा गगरा नीचे गिरकर टूट गया। गगरा टूटते ही उसके अंदर रखे चांदी के पुराने सिक्के आंगन में बिखर गए, जिसे देखकर परिवार के लोग भी आश्चर्यचकित रह गए।
घटना की खबर गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में आसपास के गांवों से भी लोग चांदी के इन पुराने सिक्कों को देखने के लिए उमड़ पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लगातार बारिश के कारण मिट्टी की दीवारें कमजोर हो चुकी थीं, जिससे मकान का एक हिस्सा अचानक ढह गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
परिजनों का मानना है कि यह गगरा संभवतः वर्षों पहले पूर्वजों द्वारा सुरक्षित रखकर दीवार के भीतर छिपाया गया होगा। वहीं ग्रामीण सिक्कों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। कोई इन्हें पुश्तैनी जमा-पूंजी बता रहा है तो कोई इन्हें काफी पुराने समय की धरोहर मान रहा है। इस अनोखी घटना ने पूरे क्षेत्र में कौतूहल का माहौल बना दिया है और चांदी के सिक्कों से भरे गगरे की चर्चा दूर-दूर तक हो रही है।

