Breaking
Fri. Aug 7th, 2026

**पाउड़ी मेल के पास दर्दनाक सड़क हादसा, ऑल्टो बाबा की मौत, गड्ढे से बचने के प्रयास में ट्रक ने खड़ी कार को मारी टक्कर**

सरायकेला। सरायकेला-चाईबासा मुख्य मार्ग पर पाउड़ी मेल के समीप शुक्रवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में क्षेत्र के चर्चित शिवलाल गोप उर्फ “ऑल्टो बाबा” की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद हेसा गांव निवासी महेंद्र सिंह जामूदा (46) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार जेएच 05 एस 0023 नंबर की वैगनआर कार से महेंद्र सिंह जामूदा गुरुवार को शिवलाल गोप उर्फ “ऑल्टो बाबा” को अपने गांव पूजा-अर्चना कराने के लिए लेकर गए थे। पूजा संपन्न होने के बाद दोनों चाईबासा चले गए। शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे जब दोनों वापस सरायकेला लौट रहे थे, तब पाउड़ी मेल के पास सड़क किनारे अपनी कार खड़ी कर कुछ देर के लिए रुके। इस दौरान महेंद्र सिंह जामूदा शौच के लिए नदी किनारे चले गए, जबकि शिवलाल गोप कार के अंदर ही बैठे रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महेंद्र सिंह के लौटकर कार में बैठते ही पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने वैगनआर को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि सड़क पर बने बड़े गड्ढे से बचने के प्रयास में ट्रक चालक ने अचानक वाहन मोड़ा, जिससे उसका नियंत्रण बिगड़ गया और ट्रक सीधे खड़ी कार के पिछले हिस्से से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे शिवलाल गोप गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सरायकेला थाना पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने शिवलाल गोप को मृत घोषित कर दिया। वहीं महेंद्र सिंह जामूदा का इलाज अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शिवलाल गोप उर्फ “ऑल्टो बाबा” क्षेत्र में काफी लोकप्रिय और पहचान रखने वाले व्यक्ति थे। उनके निधन की खबर फैलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और उनके आवास पहुंचे तथा परिजनों को ढांढस बंधाया।

Related Post