चंदनक्यारी। सब स्टेशन हाउस चंदनकियारी में अज्ञात चोरों ने रात्रि प्रहरी को बंधक बनाकर लगभग 31 लाख रुपए के बिजली तार समेत अन्य सामग्री चुरा ली। अवर प्रमंडल कार्यालय विद्युत विभाग चंदनकियारी के सहायक अभियंता नरेंद्र मिंज के आवेदन पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर एएसपी चास वेदांत शंकर घटनास्थल पहुंचे और विभाग के कर्मचारियों से घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। सहायक अभियंता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि रात्रि प्रहरी अशोक हेंब्रम को आधा दर्जन से अधिक संख्या में पहुंचे अज्ञात चोरों ने हाथ-पैर बांधकर गार्ड रूम में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया।
रात्रि प्रहरी ने बताया कि उन्हें पिस्टल जैसी वस्तु सटाकर कब्जे में लिया गया था। शरीर के अलग-अलग अंगों पर पिस्टल सटाकर उन्हें चुप रहने के लिए धमकाया गया।
लगभग 12 किलोमीटर हाई वोल्टेज तार, जिसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपए बताई गई है, के अलावा ट्रांसफार्मर के क्वायल, बिजली तेल, कंडक्टर तथा ट्रांसफार्मर के अंदर के कल-पुर्जे खोलकर ले जाए गए। इन सभी सामानों की कुल कीमत लगभग 31 लाख रुपए बताई गई है।
सुबह जब दूसरे पाली के गार्ड महावीर शर्मा पूजा के लिए फूल तोड़ने पहुंचे, तब उन्होंने अशोक हेंब्रम को बंधनमुक्त कर पुलिस को सूचना दी। आशंका जताई जा रही है कि चोरी की गई सामग्री को वैन या किसी मालवाहक वाहन से ले जाया गया होगा।
बिजली विभाग को अपने सामान की सुरक्षा के लिए इधर-उधर बिखरे पोलों को सब स्टेशन हाउस में रखने का निर्देश थाना प्रभारी द्वारा पहले ही दिया गया था। विभाग के आधा दर्जन कर्मचारी सब स्टेशन हाउस चंदनकियारी में आवास लेकर रहते हैं, लेकिन इतनी बड़ी चोरी की भनक किसी को नहीं लगी।
पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि मामले की सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। एएसपी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य तकनीकी माध्यमों की सहायता से मामले की जांच जारी है।

