Breaking
Fri. Jul 31st, 2026

धोखाधड़ी कर गायब किया गया 124 केवीए डीजी जनरेटर बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

राँची। इटकी। धोखाधड़ी कर गायब किए गए 124 केवीए डीजी जनरेटर को इटकी पुलिस ने पलामू जिले के पांकी क्षेत्र से बरामद कर लिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के मरूंगड़ा निवासी सूरज महली तथा इटकी के कोयरी टोला निवासी सुजीत कुमार महतो शामिल हैं।

इस संबंध में 26 जुलाई को रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित कोर्ट सराय रोड निवासी आकाश अग्रवाल ने इटकी थाना में धोखाधड़ी कर 124 केवीए डीजी जनरेटर गायब किए जाने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के मार्गदर्शन में डीएसपी बेड़ो के नेतृत्व में इटकी थाना प्रभारी शिव नारायण तिवारी, एसआई समित दास, एएसआई किरण बारला तथा अन्य पुलिसकर्मियों की विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने छापेमारी कर सुजीत कुमार महतो को इटकी के कोयरी टोला से तथा सूरज महली को ठाकुरगांव थाना क्षेत्र के मरूंगड़ा से गिरफ्तार किया। सूरज महली की निशानदेही पर पलामू के पांकी क्षेत्र से चोरी किया गया डीजी जनरेटर बरामद कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई को आरोपियों ने मोबाइल फोन के माध्यम से आकाश अग्रवाल से तीन दिनों के लिए डीजी जनरेटर बुक कराया था। बाद में वे लगातार समय बढ़ाते रहे और अंततः अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया। संदेह होने पर जनरेटर मालिक इटकी पहुंचे और खोजबीन की, लेकिन जनरेटर का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने इटकी थाना में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया।

Related Post