Breaking
Sun. Oct 18th, 2026

हाथी के हमले में किसान की मौत, आक्रोशित ग्रामीणों का वन विभाग के खिलाफ हंगामा मरकच्चो में 20–25 हाथियों का झुंड है सक्रिय

कोडरमा। जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा घटना मरकच्चो थाना क्षेत्र के पपलो पंचायत अंतर्गत खंडराडीह गांव की है, जहां बीती रात भ्रमणशील हाथियों के झुंड ने एक किसान की जान ले ली। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा किया और हाथियों को तत्काल क्षेत्र से खदेड़ने की मांग की।

मृतक की पहचान केदार यादव (55 वर्ष), निवासी खंडराडीह, पंचायत पपलो, थाना मरकच्चो के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, केदार यादव घर से कुछ दूरी पर खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान हाथियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। हाथियों ने उन्हें पटक-पटक कर गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही मरकच्चो थाना प्रभारी बमबम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने देर रात तक ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार हाथियों की आवाजाही के बावजूद वन विभाग प्रभावी कदम नहीं उठा रहा है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने और स्थायी समाधान की मांग की।

इधर, डीएफओ सौमित्र शुक्ल ने बताया कि 20 से 25 हाथियों का झुंड कोडरमा के विभिन्न जंगलों में भ्रमण कर रहा है। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने और रात के समय जंगल तथा खेतों की ओर अकेले नहीं जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हाथियों से किसी व्यक्ति, फसल या मकान को नुकसान होने पर नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, पिछले एक वर्ष में कोडरमा जिले में हाथियों के हमले में करीब डेढ़ दर्जन लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों में लगातार दहशत बनी हुई है।

Related Post