जमशेदपुर: श्रावणी मेले के दौरान कांवरियों की सेवा के लिए समर्पित ओम कांवरिया सेवा संघ एक बार फिर अपना सेवा शिविर शुरू करने जा रहा है। वर्ष 2011 से लगातार सेवा कार्य कर रहा यह संगठन इस बार 29 जुलाई से सुईया पहाड़ में श्रद्धालुओं की सेवा करेगा। शिविर की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और सोमवार को आवश्यक सामग्री से लदा एक ट्रक सेवा स्थल के लिए रवाना किया गया। इसके साथ 32 कारसेवक भी सेवा कार्य के लिए भेजे गए हैं।
संघ के अध्यक्ष अमरेश प्रसाद सिंह उर्फ पप्पू ने बताया कि पहले से मौजूद सेवकों को मिलाकर इस वर्ष कुल 40 कारसेवक शिविर में अपनी सेवाएं देंगे। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य हर वर्ष की तरह इस बार भी कांवरियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि सेवा शिविर की शुरुआत वर्ष 2011 में रामपुर नहर के समीप हुई थी। दूसरे वर्ष से शिविर को सुईया पहाड़ स्थानांतरित किया गया और तब से लगातार वहीं श्रद्धालुओं की सेवा की जा रही है।
संघ के पदाधिकारियों के अनुसार इस वर्ष धर्मशाला की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया गया है, ताकि लंबी यात्रा के बाद आने वाले कांवरियों को आराम करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा थके हुए श्रद्धालुओं को तुरंत राहत पहुंचाने के लिए मसाज सेवा को भी पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित किया गया है।
शिविर में स्वास्थ्य सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है। संघ से जुड़े सिंगापुर निवासी एक शिवभक्त की ओर से श्रद्धालुओं के लिए दवाइयों की व्यवस्था कराई गई है। वहीं, शिविर में आने वाले कांवरियों को भगवान शिव की पूजा-विधि की सही जानकारी भी दी जाएगी, ताकि वे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर सकें।
श्रद्धालुओं के लिए पूरे दिन लंगर की व्यवस्था रहेगी। प्रसाद के रूप में हलवा, खीर, साबूदाना और फल वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा दोपहर और रात्रि दोनों समय भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
सेवा शिविर में आध्यात्मिक माहौल बनाए रखने के लिए प्रतिदिन सुबह और शाम भजन-कीर्तन का आयोजन भी किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को सेवा और भक्ति का विशेष अनुभव मिल सके।

