Breaking
Mon. Oct 12th, 2026

गुवा पहुंचीं गीता कोड़ा, बारिश के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत करने और एसआईआर फॉर्म समय पर भरने की अपील

गुवा: झारखंड भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद गीता कोड़ा गुरुवार को गुवा पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली। लगातार हो रही बारिश से उत्पन्न हालात पर चर्चा करते हुए उन्होंने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने की मांग की।

गीता कोड़ा ने कहा कि लगातार बारिश के कारण लोगों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाए तथा डॉक्टरों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर इलाज मिल सके।

उन्होंने कहा कि गुवा और आसपास का क्षेत्र वन क्षेत्र होने के साथ-साथ मलेरिया प्रभावित इलाकों में शामिल है। ऐसे में लोगों को मलेरिया, डेंगू और अन्य मौसमी बीमारियों के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से मच्छरदानी का नियमित उपयोग करने, घरों में धूवन करने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा स्वच्छ और गर्म पानी पीने की अपील की। इसके अलावा सांप, बिच्छू और अन्य जहरीले जीवों से भी सावधानी बरतने की सलाह दी।

इस दौरान गीता कोड़ा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी पात्र मतदाता अपना-अपना फॉर्म समय पर भर लें। यदि किसी प्रकार की समस्या आती है तो संबंधित बीएलओ से संपर्क कर उसका समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि यह कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करना आवश्यक है, क्योंकि 29 जुलाई को यह अभियान समाप्त हो रहा है।

दौरे के दौरान गीता कोड़ा ने लोगों से विभिन्न स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा की और कहा कि जनसमस्याओं को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।

Related Post