Breaking
Thu. Jul 23rd, 2026

टाटानगर की जगह अस्थायी रूप से आदित्यपुर से चलेंगी चार पैसेंजर ट्रेनें

चक्रधरपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल ने यात्रियों की सुविधा और परिचालन संबंधी आवश्यकताओं को देखते हुए 27 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक टाटानगर स्टेशन के स्थान पर आदित्यपुर स्टेशन को चार पैसेंजर ट्रेनों का अस्थायी टर्मिनल बनाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में सक्षम प्राधिकारी द्वारा आदेश जारी कर दिया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, ट्रेन संख्या 68004 और 68019, जो वर्तमान में गुवा–टाटानगर के बीच संचालित होती हैं, निर्धारित अवधि में गुवा–आदित्यपुर के बीच चलेंगी। इसी प्रकार ट्रेन संख्या 68020, जो अभी टाटानगर–गुवा के बीच चलती है, अब आदित्यपुर–गुवा के बीच संचालित होगी। वहीं ट्रेन संख्या 68009, जो वर्तमान में टाटानगर–चक्रधरपुर के बीच चलती है, वह अस्थायी रूप से आदित्यपुर–चक्रधरपुर के बीच चलेगी।

नए समय के अनुसार ट्रेन संख्या 68004 रात 10:45 बजे आदित्यपुर पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 68019 सुबह 7:40 बजे आदित्यपुर से प्रस्थान करेगी। ट्रेन संख्या 68020 शाम 7:15 बजे आदित्यपुर पहुंचेगी, जबकि ट्रेन संख्या 68009 शाम 7:45 बजे आदित्यपुर से चक्रधरपुर के लिए रवाना होगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे 27 जुलाई से 10 अगस्त 2026 के बीच यात्रा करने से पहले अपने ट्रेन के प्रस्थान एवं आगमन स्टेशन की जानकारी अवश्य सुनिश्चित कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Related Post