जमशेदपुर। शहर के व्यस्त साकची बाजार में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक फल व्यापारी के कर्मचारी के साथ कथित रूप से खुलेआम मारपीट की गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवक कर्मचारी के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने बीच-बचाव करने की पहल नहीं की।
जानकारी के अनुसार, मानगो के शंकोसाई निवासी फल व्यवसायी सत्यनारायण केसरी की साकची बाजार स्थित फल गद्दी पर उनका कर्मचारी माधव चातर काम कर रहा था। इसी दौरान मोहम्मद फहीम नामक युवक वहां पहुंचा और किसी बात को लेकर विवाद के बाद कर्मचारी माधव चातर के साथ मारपीट कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने कर्मचारी के साथ हाथापाई की, जिससे बाजार में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।
बताया गया है कि घायल कर्मचारी माधव चातर आदिवासी समाज से संबंध रखता है और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। घटना के बाद उसे स्थानीय लोगों की मदद से सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर फल व्यवसायी सत्यनारायण केसरी ने पूर्व भाजपा नेता विकास सिंह को पूरे मामले से अवगत कराया। इसके बाद विकास सिंह ने तत्काल जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद फहीम को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो भी जांच के दायरे में शामिल किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मारपीट की वजह क्या थी और विवाद किन परिस्थितियों में हुआ। वहीं, दिनदहाड़े बाजार में हुई इस घटना से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता भी देखी जा रही है।

