Breaking
Wed. Oct 28th, 2026

आदित्यपुर में छत की सफाई के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आया युवक, मौत

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित सालडीह बस्ती में बुधवार को बिजली के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। युवक पड़ोसी के घर की छत पर साफ-सफाई कर रहा था। इसी दौरान छत से महज छह फीट ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में शोक की लहर है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी गई। लोगों ने आरोप लगाया कि घनी आबादी वाले सालडीह बस्ती में घरों की छतों के बेहद करीब से 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन गुजर रही है, जिससे हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि तार को ऊंचा करने अथवा सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के लिए पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। लोगों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए व्यवस्था में सुधार की मांग की है।

घटना की सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Post