चाईबासा : जेएमपी चौक साईं कॉलोनी स्थित श्री श्री सार्वजनिक काली पूजा समिति की ओर से आगामी काली पूजा महोत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ खुटी पूजन का आयोजन किया गया। पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भूमि एवं खुटी की पूजा कराई। इसके साथ ही पूजा पंडाल के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत हो गई।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष बजरंग मणि त्रिपाठी, सचिव रोशन कुमार जायसवाल और उपाध्यक्ष शिवम त्रिपाठी सहित समिति के सदस्य एवं मोहल्ले के लोग उपस्थित थे। खुटी पूजन के दौरान श्रद्धालुओं ने मां काली की आराधना की और पूजा महोत्सव के सफल आयोजन की कामना की।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष पूजा पंडाल का निर्माण ‘जातिस्मर’ थीम पर किया जा रहा है। पंडाल के बाहरी ढांचे और कलाकृतियों में पारंपरिक हस्तशिल्प एवं लोक कला की झलक देखने को मिलेगी। इसे आकर्षक रूप देने के लिए कारीगरों ने काम शुरू कर दिया है। पंडाल के साथ विद्युत सज्जा की भी विशेष व्यवस्था की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी।
समिति के अध्यक्ष बजरंग मणि त्रिपाठी ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी मां काली की पूजा पूरे श्रद्धा और भव्यता के साथ की जाएगी। खुटी पूजन के साथ पंडाल निर्माण का काम शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
समिति के सदस्यों ने कहा कि काली पूजा महोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी लोग मिलकर तैयारी कर रहे हैं। पूजा के दौरान बेहतर व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे।

