चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा थाना क्षेत्र के भट्टीसाई में निर्माणाधीन रेलवे क्वार्टर परिसर में शुक्रवार सुबह मोबाइल चोरी की घटना सामने आई। हालांकि, स्थानीय लोगों और मजदूरों की सतर्कता से आरोपी अधिक दूर तक नहीं भाग सका। लोगों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने आरोपी की पिटाई भी कर दी।
जानकारी के अनुसार, रेलवे क्वार्टर निर्माण कार्य में लगे कुछ मजदूर सुबह विश्राम कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने मौके का फायदा उठाकर एक मजदूर का मोबाइल फोन चोरी कर लिया। कुछ ही देर बाद जब मजदूर की नींद खुली और मोबाइल गायब मिला तो उसने शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत सक्रिय हुए और भाग रहे युवक का पीछा कर उसे धर दबोचा।
पकड़े गए युवक की पहचान बड़ाजामदा थाना क्षेत्र के टंकीसाई निवासी 19 वर्षीय बीर नायक के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बीर नायक पहले भी क्षेत्र में मोबाइल चोरी और झपटमारी की कई घटनाओं में शामिल रहा है। उसके खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज हो चुके हैं और वह पूर्व में एक मामले में जेल भी जा चुका है। बताया जाता है कि काली मंदिर क्षेत्र में हुई एक चोरी की घटना में भी उसे गिरफ्तार किया गया था।
घटना की सूचना मिलने पर बड़ाजामदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। थाना प्रभारी विकास कुमार के अनुसार उससे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किसी अन्य चोरी की घटनाओं में भी शामिल रहा है या नहीं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

