जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। प्रारंभिक जांच में घटना की वजह प्रेम संबंधों को लेकर चला आ रहा विवाद बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान राहुल उर्फ राहुल बच्चा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शाम करीब सात बजे वह डिमना रोड स्थित मुंशी मोहल्ला के समीप गुरुद्वारा रोड इलाके में मौजूद था। इसी दौरान शब्बे नामक युवक अपने कई साथियों के साथ वहां पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच पहले से एक युवती से बातचीत को लेकर विवाद चल रहा था, जो बुधवार को हिंसक रूप ले बैठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने पहले राहुल पर धारदार हथियार से हमला किया और इसके बाद उसे गोली मार दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल राहुल को स्थानीय लोगों ने तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
राहुल की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग टीएमएच पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया, जिसके बाद स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाकर माहौल शांत कराया।
घटना की जानकारी मिलते ही मानगो थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
एएसपी ऋषभ त्रिवेदी और सिटी एसपी ललित मीणा ने मौके पर पहुंचकर जांच का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद की बात सामने आई है, लेकिन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

