Breaking
Fri. Oct 16th, 2026

स्मार्ट सिटी परिसर में पेड़ से लटका मिला ई-रिक्शा चालक का शव, हत्या या आत्महत्या? पुलिस जांच में जुटी

जमशेदपुर: राजधानी राँची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित स्मार्ट सिटी परिसर में सोमवार देर रात एक व्यक्ति का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल से पुलिस ने मृतक की ई-रिक्शा भी बरामद की है, जिससे मामला और अधिक रहस्यमय हो गया है।

मृतक की पहचान धुर्वा सेक्टर-3 स्थित थेथरकोचा निवासी सूरज नायक के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की।

घटनास्थल पर ई-रिक्शा मिलने के कारण पुलिस आत्महत्या और हत्या, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि आर्थिक या पारिवारिक कारणों से आत्महत्या की गई हो, वहीं यह संभावना भी खारिज नहीं की जा रही कि किसी ने हत्या के बाद शव को पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की हो।

पुलिस ई-रिक्शा के रजिस्ट्रेशन नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

Related Post