जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन के चित्रकूट सभागार में गुरुवार को मासिक पत्रिका ‘गोल्डन फ्रेम’ का विमोचन समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी में पत्रिका का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य केवल घटनाओं और समाचारों को सामने लाना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए काम करने वाले लोगों और जनहित से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता देना होना चाहिए। ‘गोल्डन फ्रेम’ ने इसी दिशा में पहल की है, जो सराहनीय है।
सरयू राय ने कहा कि समाज में बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं, जो बिना किसी प्रचार और अपेक्षा के शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सेवा, महिला सशक्तीकरण और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार काम कर रहे हैं। ऐसे लोगों की उपलब्धियों और योगदान को समाज के सामने लाने से दूसरे लोगों को भी प्रेरणा मिलती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पत्रिका स्थानीय प्रतिभाओं और सामाजिक सरोकारों को प्रभावी मंच प्रदान करेगी।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। पत्रिका के संपादक अनिल कुमार मौर्य ने अतिथियों का स्वागत करते हुए ‘गोल्डन फ्रेम’ की परिकल्पना और उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पत्रिका सकारात्मक पत्रकारिता, साहित्यिक अभिव्यक्ति और सामाजिक सरोकारों को केंद्र में रखकर आगे बढ़ेगी। इसमें स्थानीय समाचारों के अलावा शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य, व्यवसाय, महिला एवं युवा सशक्तीकरण, सरकारी योजनाओं, साहित्य और संस्कृति से जुड़े विषयों को स्थान दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जमशेदपुर के साथ सरायकेला-खरसावां, घाटशिला, चाईबासा और रांची की प्रतिभाओं तथा सामाजिक गतिविधियों को भी पत्रिका के माध्यम से मंच देने का प्रयास किया जाएगा। समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘गोल्डन फ्रेम रियल हीरो अवॉर्ड’ शुरू करने की योजना भी बताई गई।
समारोह में कर्नल आरपी सिंह, प्रसेनजित तिवारी, नारायण पावर प्लांट आईटीआई के चेयरमैन सह समाजसेवी डॉ. जटा शंकर पाण्डेय, आयरन सिटी के संपादक प्रितपाल सिंह और न्यूज धमाका के चीफ एडिटर रघुवंश मणि सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
विमोचन समारोह के बाद कवि सम्मेलन का आयोजन हुआ। इसका संचालन निदान की संपादक एवं कवयित्री पूनम महानन्द ने किया। अंतरराष्ट्रीय कवयित्री अंकिता सिन्हा, छत्रपति सम्मान प्राप्त कवि चंदन प्रजापति, पूनम महानन्द, रांची के युवा कवि बाला शंकर, जमशेदपुर की श्रृंगार कवयित्री उपासना सिन्हा, पलामू के अमन प्रियदर्शी और देवघर के अमन निराला ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर किया। कवियों की प्रस्तुतियों में प्रेम, संवेदना, सामाजिक सरोकार और मानवीय रिश्तों से जुड़े भाव प्रमुख रहे। समारोह में पत्रकारिता और साहित्य के संगम के साथ ‘गोल्डन फ्रेम’ की नई यात्रा की शुरुआत हुई।

