चाईबासा: झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति के सभापति सह विधायक सुरेश पासवान की अध्यक्षता में गुरुवार को चाईबासा परिसदन सभागार में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा में विधायकों द्वारा उठाए गए सवालों और उनके अनुपालन की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान सभापति ने अधिकारियों को लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन करने का निर्देश दिया।
बैठक से पहले उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सभापति का स्वागत किया।
समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित विधानसभा प्रश्नों की वर्तमान स्थिति, लंबित मामलों और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई। सभापति सुरेश पासवान ने कहा कि विधानसभा में उठाए जाने वाले सवाल आम जनता की समस्याओं और अपेक्षाओं को सदन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। इसलिए इनसे जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
उन्होंने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित प्रश्नों की समीक्षा कर उनका समय पर निष्पादन करें। साथ ही अनुपालन प्रतिवेदन में की गई कार्रवाई और वर्तमान स्थिति की स्पष्ट एवं अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने विभागों के बीच आपसी समन्वय बनाकर काम करने और लंबित मामलों की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से संबंधित विधानसभा प्रश्नों के अनुपालन और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी समिति के समक्ष रखी। इस दौरान विधानसभा में दिए गए आश्वासनों और निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
सभापति ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए आम लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान करना जरूरी है।
बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अपर उपायुक्त क्रिस्टो कुमार बेसरा, सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, सभी वन प्रमंडल पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

