Breaking
Tue. Jul 28th, 2026

आईडीएफसी बैंक कर्मी का शव धनबाद-गया रेलखंड पर बरामद, पुलिस जांच में जुटी

कोडरमा। तिलैया थाना क्षेत्र के बिशुनपुर रोड स्थित लॉ कॉलेज के ठीक पीछे धनबाद-गया रेलखंड पर एक युवक का शव बरामद किया गया है। युवक की पहचान 27 वर्षीय तुषार कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के गया जिले के राजेंद्र पथ तेलबीघा का निवासी बताया जा रहा है।

मृतक के पिता मदन मोहन कुमार ने बताया कि तुषार गया में आईडीएफसी बैंक में कार्यरत था। रविवार की शाम वह घर से बिना कुछ बताए निकला था, जिसके बाद उससे कोई संपर्क नहीं हो पाया।

सोमवार सुबह कोडरमा-गया रेलखंड की अप लाइन पर कार्य करने निकले चाभी मैन ने रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव देखा। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना कोडरमा आरपीएफ को दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ ने तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार को अवगत कराया। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान युवक के मोबाइल पर उसके पिता का फोन आया। इसके बाद तिलैया थाना प्रभारी ने घटना की जानकारी उन्हें दी और कोडरमा आने के लिए कहा।

पुलिस को युवक के लोअर से एक माचिस बरामद हुई है। वहीं घटनास्थल से उसका मोबाइल फोन और हेडफोन भी मिला। बताया जा रहा है कि जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब हेडफोन में गाना बज रहा था।

प्रारंभिक जांच में पुलिस आशंका जता रही है कि युवक संभवतः ट्रेन के दरवाजे पर खड़ा होकर सिगरेट पीने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन से नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक कोडरमा किस उद्देश्य से आया था और वह किससे मिलने वाला था।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं परिजनों के आने का इंतजार किया जा रहा है।

Related Post