जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन के समीप हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर बुधवार को पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल आदित्यपुर के हरिओम नगर स्थित पीड़ित परिवार के आवास पहुंचा। जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह और प्रदेश कांग्रेस महासचिव सह जिला प्रभारी शशिभूषण राय के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने मृतक के पिता अरविंद सिंह से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और पूरी घटना की जानकारी ली। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी इस जघन्य हत्या की कड़ी निंदा करती है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले को प्रदेश नेतृत्व के समक्ष भी गंभीरता से उठाया गया है।
मुलाकात के दौरान अरविंद सिंह ने बताया कि हिमांशु परिवार का एकमात्र सहारा था और लगभग एक वर्ष पहले ही उसका विवाह हुआ था। उन्होंने राज्य सरकार से मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी देने, सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी करने तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि न्याय नहीं मिलने तक परिवार अंतिम संस्कार नहीं करेगा।
इसके बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एडीजी मनोज कौशिक से मुलाकात कर त्वरित कार्रवाई की मांग की। साथ ही डबल डाउन प्रतिष्ठान के मालिक की भूमिका की निष्पक्ष जांच कर, लापरवाही या संलिप्तता मिलने पर उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। कांग्रेस ने कहा कि जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं और पार्टी इस मामले को अंजाम तक पहुंचाने के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।

