चाईबासा: जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाले शहीद देवेंद्र माझी की 32वीं पुण्यतिथि बुधवार को गोईलकेरा हाट मैदान स्थित शक्ति स्थल पर मनाई गई। इस अवसर पर राजस्व, भूमि सुधार एवं परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा, सिंहभूम की सांसद जोबा माझी, मझगांव विधायक निरल पुरती, चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव और मनोहरपुर विधायक जगत माझी समेत सैकड़ों लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन के निधन के कारण इस वर्ष सभा आयोजित नहीं की गई। कार्यक्रम सादगी के साथ संपन्न हुआ। मंच पर उपस्थित नेताओं ने रूपी सोरेन की तस्वीर पर भी माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि देवेंद्र माझी जंगल आंदोलन के अमर नायक थे। उन्होंने आदिवासियों, गरीबों, वंचितों और शोषितों के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके संघर्ष और विचार आज भी अन्याय के खिलाफ लड़ने की प्रेरणा देते हैं। विधायक निरल पुरती और सुखराम उरांव ने भी उनके संघर्षों को याद करते हुए जल, जंगल और जमीन पर लोगों के अधिकारों की रक्षा का संकल्प लेने की बात कही।
सांसद जोबा माझी ने हो भाषा में दूर-दराज से आए अनुयायियों को संबोधित किया। कार्यक्रम में पश्चिमी सिंहभूम झामुमो जिलाध्यक्ष सोनाराम देवगम, जिला सचिव राहुल आदित्य, सरायकेला जिलाध्यक्ष डॉ. शुभेन्दु महतो, कालीपद सोरेन, अकबर खान, गणेश बोदरा, जगदीश नारायण चौबे, विशू हेम्ब्रम, रामसिंह हेम्ब्रम, दीपक प्रधान, अभिषेक सिंकू, मोहम्मद तबारक, दिनेश गुप्ता, सुखमती बानरा, आसमान सुंडी, जानकी हेम्ब्रम और चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव उपस्थित थे।
कार्यक्रम के दौरान सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और समाधान के लिए पहल का भरोसा दिया। आदिवासी परंपरा के अनुसार समर्थकों ने सांसद को वस्त्र, चावल और रुपये भी भेंट किए। इस दौरान हरीश बोदरा ने सामग्री देने वाले लोगों के नाम-पते दर्ज किए।
चक्रधरपुर, चाईबासा, जगन्नाथपुर, सोनुवा, मनोहरपुर, गुदड़ी, आनंदपुर, राजनगर, सरायकेला, आदित्यपुर, गम्हरिया, गुवा और किरीबुरू समेत विभिन्न क्षेत्रों से लोग श्रद्धांजलि देने पहुंचे। इससे पूर्व चक्रधरपुर स्थित सांसद जोबा माझी के आवास पर भी देवेंद्र माझी को श्रद्धांजलि दी गई।

