Breaking
Wed. Oct 14th, 2026

गोलमुरी के न्यू डीएस फ्लैट दुर्गा एवं काली पूजा पंडाल का भव्य उद्घाटन, विधायक पूर्णिमा साहू और दिनेश कुमार हुए शामिल

जमशेदपुर, 14 अक्टूबर। गोलमुरी के केबुल टाउन स्थित न्यू डीएस फ्लैट दुर्गा एवं काली पूजा कमिटी की ओर से आयोजित श्रीश्री दुर्गा पूजा महोत्सव के तहत बुधवार को पूजा पंडाल का भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू और विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार शामिल हुए। अतिथियों ने फीता खोलकर पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। इस दौरान पारंपरिक ढाक और ताशा की गूंज के बीच श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला।

विधायक पूर्णिमा साहू ने सभी श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों को दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दुर्गा पूजा भारतीय संस्कृति, आस्था और परंपरा का प्रतीक है। मां दुर्गा की आराधना अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, सत्य के मार्ग पर चलने और समाज में सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा देती है। उन्होंने पूजा कमिटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाते हैं।

वहीं, भाजपा जिला प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और सनातन परंपरा का जीवंत प्रतीक है। मां दुर्गा का आशीर्वाद बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में जुटे कमिटी के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों की सराहना की।

पूजा कमिटी के 50 वर्ष पूरे होने पर 50 दीप प्रज्वलित

इस वर्ष पूजा कमिटी के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 50 अंकित दीप प्रज्वलित किए गए। कार्यक्रम में समाजसेवी अखिलेश चौधरी और गोलमुरी भाजपा अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय भी उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान कमिटी के अध्यक्ष विनय चौधरी, रोहित आनंद, महासचिव नरेंद्र कुमार, दीपांजन मुखर्जी, बीटी विश्वास, जसबीर सिंह और जयराम दास पात्र सहित अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी से उद्घाटन समारोह उत्सवमय रहा।

कमिटी की ओर से श्रद्धालुओं से पूजा महोत्सव और मां के जागरण में सपरिवार शामिल होने की अपील की गई।

Related Post