Breaking
Mon. Jun 29th, 2026

स्व. के.के. सिंह की जयंती पर उमड़ा सेवा का सैलाब, रक्तदान शिविर में जुटीं सामाजिक हस्तियां, 254 यूनिट रक्त संग्रहित

जमशेदपुर: समाजसेवा को समर्पित जीवन जीने वाले रेड क्रॉस के संरक्षक रहे स्व. के.के. सिंह की जयंती पर रविवार को रेड क्रॉस भवन में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सेवा और मानवीय संवेदनाओं को समर्पित इस आयोजन में 254 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। बड़ी संख्या में रक्तदाताओं, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और युवाओं की भागीदारी ने कार्यक्रम को जनसेवा के उत्सव में बदल दिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद विद्युत वरण महतो ने किया। उन्होंने कहा कि स्व. के.के. सिंह ने अपना पूरा जीवन जरूरतमंदों की निस्वार्थ सेवा के लिए समर्पित किया। उनके निधन के बाद परिवार द्वारा उनकी स्मृति में रक्तदान शिविर का आयोजन उनकी सेवा भावना और संस्कारों को आगे बढ़ाने का प्रेरणादायी प्रयास है। उन्होंने रक्तदाताओं को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया और समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना की।

जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि स्व. के.के. सिंह हमेशा लोगों के सुख-दुख में उनके साथ खड़े रहते थे। वहीं ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने कहा कि सेवा और संस्कार इस परिवार की पहचान रहे हैं, यही कारण है कि स्व. के.के. सिंह आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं। मानगो की मेयर सुधा गुप्ता ने उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि उनका व्यक्तित्व बेहद प्रभावशाली था और वे हर जरूरतमंद की मदद के लिए सदैव तत्पर रहते थे।

कार्यक्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सहित कई जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। वरिष्ठ समाजसेवी ए.के. श्रीवास्तव, अरुण बांकेरवाल और शिवशंकर सिंह ने स्व. के.के. सिंह से जुड़ी यादों को साझा करते हुए उनके सामाजिक योगदान को स्मरण किया।

इस अवसर पर के.के. एजुकेशनल फाउंडेशन की संरक्षक उर्मिला सिंह, चेयरमैन विकास सिंह और डायरेक्टर रश्मि सिंह ने अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में स्व. के.के. सिंह के पौत्र आर्य वत्स ने अपने साथियों आशीष कश्यप, हर्षित शर्मा, अक्षत कुमार, मोहित कुमार, अग्रिमा वत्स और अक्षिता शाही के साथ सक्रिय भूमिका निभाई। रक्त संग्रह का कार्य जमशेदपुर ब्लड सेंटर की टीम ने रेड क्रॉस के स्वयंसेवकों के सहयोग से संपन्न कराया।

समापन अवसर पर रेड क्रॉस सोसायटी, पूर्वी सिंहभूम के मानद सचिव विजय कुमार सिंह और के.के. एजुकेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट के चेयरमैन विकास सिंह ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के सामूहिक सहयोग और सहभागिता से ही ऐसे सेवा कार्य सफल हो पाते हैं तथा जरूरतमंदों तक समय पर जीवनरक्षक सहायता पहुंचाई जा सकती है।

Related Post