Breaking
Mon. Jun 29th, 2026

सीजीपीसी ने 78 मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा प्राइज नाइट समारोह

जमशेदपुर: सेन्ट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) की ओर से साकची स्थित कार्यालय में आयोजित प्राइज नाइट समारोह में विभिन्न बोर्ड परीक्षाओं और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 78 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। समारोह में शिक्षा, खेल, फिटनेस और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र बनकर उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सोनारी आर्मी कैंप के कर्नल निखिल शरण ने अपने संबोधन में कहा कि देश या राज्य में किसी भी प्रकार की आपदा आने पर सिख समाज सबसे पहले सेवा के लिए आगे आता है। उन्होंने कहा कि सिख धर्म सेवा, समानता और मानवता का संदेश देता है, जहां जात-पात और ऊंच-नीच के लिए कोई स्थान नहीं है।

उन्होंने सीजीपीसी द्वारा संचालित नि:शुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा केंद्र, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शुरू की गई सिख विजडम अकादमी तथा भविष्य में अस्पताल स्थापित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस दौरान झारखंड बोर्ड, आईसीएसई और सीबीएसई की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया गया।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में लेफ्टिनेंट कर्नल लविश शर्मा, ब्लॉक एजुकेशन ऑफिसर तजिंदर कौर, लोयोला स्कूल की प्रिंसिपल चरणजीत ओहसन और समाजसेवी अमरप्रीत सिंह काले उपस्थित रहे।

सिख विजडम अकादमी का संचालन कर रहे परविंदर सिंह सोहेल और चरणजीत सिंह की देखरेख में आयोजित सम्मान समारोह में विशेष उपलब्धियां हासिल करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। स्पेशल कैटेगरी में अधिवक्ता बनने पर अवलीन कौर, जेईई एडवांस में ऑल इंडिया रैंक 14023 प्राप्त करने पर नवल सिंह, पावरलिफ्टिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हर्षवीर सिंह, सतपाल सिंह, त्रिलोक सिंह और जगजीत सिंह तथा फिटनेस के क्षेत्र में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज कराने वाले बलदीप सिंह और मंदीप सिंह को सम्मानित किया गया।

इसके अलावा आईएससी, आईसीएसई और सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में दलजीत सिंह, वंशिता सैनी, सुखराज सिंह, प्रभजोत कौर, गुरलीन कौर, तान्या, ज्योति, रशप्रीत, हरमनदीप, अवनीत, सामर्थ, सृष्टि, जसलीन, अमनप्रीत, तृषमीत, सुभांजनि साव, हर्षन, लावण्या, रबजोत, मंदीप, प्रणजल, प्रीति, सिमरप्रीत, जसराज, अवलीन, मनप्रीत, तरणजोत, वैश्वनी, जसरूप, कमलजीत, दिलशन, नवजोत, चमनप्रीत, राजवीर भाटिया, बलवीन, अर्थमीत, मेहर, हरकिशन, अमृत, सुष्मीत, अंश जायसवाल, रासप्रीत, राजदीप, जसप्रीत, अमनदीप, अर्थप्रीत, मनमीत, जसमीत और जसलीन कौर सहित कुल 78 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

समारोह के अंत में सभी सम्मानित विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। आयोजन के सफल संचालन में सीजीपीसी और सिख विजडम अकादमी से जुड़े पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका रही।

Related Post