Breaking
Fri. Jul 31st, 2026

मुहर्रम पर गल्फ ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट ने लगाया सेवा शिविर, सैकड़ों लोगों के बीच बांटा लंगर और ठंडा शरबत

जमशेदपुर: मुहर्रम के अवसर पर मानगो के आज़ादनगर रोड नंबर-7 स्थित गल्फ ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की ओर से राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए लंगर एवं ठंडा शरबत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भीषण गर्मी के बीच लगाए गए इस सेवा शिविर में सैकड़ों लोगों ने लंगर ग्रहण किया और ठंडे शरबत का लाभ उठाया।

कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ मानव सेवा और सामाजिक सौहार्द का संदेश देना था। शिविर में दिनभर राहगीरों, मजदूरों, वाहन चालकों और आसपास के लोगों को भोजन एवं शरबत वितरित किया गया।

संस्थान के निदेशक शेख फरीदुल्लाह ने बताया कि मुहर्रम के मौके पर हर वर्ष की तरह इस बार भी सेवा शिविर का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि मुहर्रम केवल एक धार्मिक अवसर नहीं, बल्कि इंसानियत, त्याग, भाईचारे और समाज सेवा की भावना को मजबूत करने का भी संदेश देता है।

इस दौरान संस्थान के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी ने मिलकर लोगों की सेवा की और सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव तथा मानवता के मूल्यों को बढ़ावा देने का संदेश दिया। स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।

Related Post