जमशेदपुर: झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री स्वर्गीय सुधीर महतो की 70वीं जयंती गुरुवार को पूरे प्रदेश में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मुख्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम कदमा स्थित शहीद निर्मल महतो स्टेडियम में आयोजित किया गया, जहां झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. सुधीर महतो की धर्मपत्नी एवं ईचागढ़ विधायक सविता महतो, पुत्री स्नेहा महतो तथा परिवार के अन्य सदस्यों द्वारा उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद झामुमो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके संघर्षपूर्ण जीवन और झारखंड राज्य निर्माण आंदोलन में दिए गए योगदान को याद किया।
इस दौरान स्नेहा महतो ने कहा कि उनके पिता ने जिस सपने के साथ खेल और युवाओं के विकास को बढ़ावा देने की सोच रखी थी, वह आज शहीद निर्मल महतो स्टेडियम के माध्यम से साकार होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि इस मैदान से निकलकर कई खिलाड़ी राज्य और देश का नाम रोशन कर रहे हैं, जो उनके पिता के सपनों को नई पहचान दे रहे हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती ने कहा कि झारखंड आंदोलन के दौर में स्व. निर्मल महतो के बाद स्व. सुधीर महतो ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के प्रमुख सहयोगी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने आंदोलन को नई दिशा देने और झारखंड की आवाज को मजबूत बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्व. सुधीर महतो के राजनीतिक जीवन, सामाजिक सरोकारों और झारखंड के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में पोटका विधायक संजीव सरदार, पूर्व सांसद सुमन महतो, झामुमो जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो, केंद्रीय सदस्य काबलू महतो सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

