Breaking
Thu. Jun 25th, 2026

गुमला में दर्दनाक हादसा : मानसिक रूप से परेशान महिला ने दो मासूम बच्चों संग कुएं में कूदकर दी जान

गुमला :* जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के मनातू गांव में बुधवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। यहां एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

मृतकों की पहचान 27 वर्षीय परदेशनी कुमारी, उनके पांच वर्षीय पुत्र अंश उरांव और चार वर्षीय पुत्री आशमानी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार परदेशनी कुमारी पिछले करीब आठ महीनों से मानसिक बीमारी से जूझ रही थीं और उनका इलाज रांची के कांके स्थित अस्पताल में चल रहा था।

बताया गया कि बुधवार दोपहर परदेशनी कुमारी अपने दोनों बच्चों को लेकर घर के समीप स्थित कुएं के पास नहाने के लिए गई थीं। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब तीनों वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई।

तलाशी के दौरान महिला के पति जगन्नाथ उरांव ने कुएं में झांककर देखा तो पानी में कपड़ा तैरता दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से रस्सी और अन्य साधनों के सहारे कुएं की तलाशी ली गई। खोजबीन के दौरान सबसे पहले बेटे अंश उरांव का शव मिला, जबकि बाद में महिला और उसकी पुत्री के शव भी कुएं से बाहर निकाले गए।

घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत से मनातू गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण और परिजन इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं।

Related Post