Breaking
Sat. Jun 20th, 2026

मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग को बस ने कुचला, इलाज के दौरान मौत

जमशेदपुर। उलीडीह थाना क्षेत्र के संकोसाई रोड नंबर-4 निवासी 80 वर्षीय सुदर्शन शर्मा की शनिवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। बताया जाता है कि वह प्रतिदिन की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान डिमना से मानगो की ओर जा रही एक तेज रफ्तार अज्ञात बस ने उन्हें टक्कर मार दी।

हादसा इतना गंभीर था कि टक्कर लगते ही सुदर्शन शर्मा सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए उन्हें इलाज के लिए महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। लेकिन सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

बुजुर्ग की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने पर उलीडीह थाना प्रभारी मोहम्मद शारिक अली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। दुर्घटना के बाद चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ताकि बस और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी वाहन और चालक को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post