पलामू: मेदिनीनगर शहर में शनिवार सुबह अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देते हुए चर्चित ठेकेदार और व्यवसायी संजय तिवारी उर्फ गुड्डू तिवारी पर गोलीबारी कर दी। यह घटना टाउन थाना क्षेत्र स्थित जेएलए कॉलेज के समीप हुई, जहां बाइक सवार हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। हमले में संजय तिवारी के सीने में गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।इस दौरान इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, संजय तिवारी किसी कार्य से लौटकर अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया और फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने के बाद संजय तिवारी सड़क पर गिर पड़े, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए।
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल संजय तिवारी को तत्काल मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। इसके बाद भी संजय तिवारी की मौत हो गई।घटना की खबर फैलते ही अस्पताल में उनके समर्थकों, परिचितों और शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी।
घटना की सूचना मिलने के बाद टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की है। साथ ही हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन की जा रही है और जल्द ही अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

