Breaking
Thu. Jun 18th, 2026

खूंटी में लिव-इन पार्टनर की हत्या का खुलासा, महिला समेत तीन गिरफ्तार*

खूंटी। जिले के रनिया थाना क्षेत्र में मिले राधेश्याम साहू हत्याकांड का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही महिला ने अपने बेटे और एक रिश्तेदार के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बताया कि 15 जून को तांबा जंगल के समीप राधेश्याम साहू का शव बरामद हुआ था। घटनास्थल पर मृतक की स्कूटी भी मिली थी, जिससे शुरुआती तौर पर मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था। हालांकि तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के दौरान पुलिस को हत्या की आशंका हुई।

जांच में पता चला कि मृतक और आरोपी महिला पिछले कुछ समय से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। महिला इस रिश्ते को समाप्त करना चाहती थी, लेकिन मृतक इसके लिए तैयार नहीं था। इसी कारण महिला ने अपने बेटे और एक रिश्तेदार के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले डंडे से हमला कर राधेश्याम साहू को गंभीर रूप से घायल किया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को स्कूटी पर लादकर तांबा जंगल ले जाया गया, जहां सिर पर भारी पत्थर से वार कर मौत सुनिश्चित की गई। बाद में शव और स्कूटी को इस तरह रखा गया कि मामला सड़क दुर्घटना जैसा लगे।

मामले की जांच के लिए डीएसपी विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष जांच दल का गठन किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन, मृतक का मोबाइल, वारदात में प्रयुक्त डंडा तथा घटना के समय पहनी गई चप्पलें बरामद की हैं। मोबाइल फोन से घटना से जुड़े फोटो और वीडियो भी मिले हैं, जिन्होंने आरोपियों की संलिप्तता की पुष्टि की है।

पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Post