जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र के शंकरपुर इलाके में एक महिला से पर्स छीनकर भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया। पकड़ने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लेकर थाने ले गई।
घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शंकरपुर गोबरा टोला निवासी सुनीता वर्मा अपने घर से विद्यासागर पाली मेन रोड की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक युवक ने अचानक उनका पर्स झपट लिया और तेजी से भागने लगा। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग सतर्क हो गए और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
कुछ ही देर बाद गांधी मैदान के समीप लोगों ने युवक को पकड़ लिया। महिला ने उसकी पहचान शंकरपुर निवासी सूरज श्रीवास्तव उर्फ मार्कण्डेय के रूप में की। ग्रामीणों का कहना है कि तलाशी के दौरान आरोपी के पास से महिला का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ।
पीड़िता के अनुसार, छीन लिए गए पर्स में एक रियलमी मोबाइल फोन, करीब दो हजार रुपये नकद तथा घर की चाबी रखी हुई थी। उन्होंने बताया कि आरोपी ने टोपी पहन रखी थी और चेहरे को आंशिक रूप से ढक रखा था। सुनसान स्थान का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ के चंगुल से मुक्त कराकर थाने ले गई। पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है तथा मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस बीच झामुमो के मध्य सरजमदा पंचायत अध्यक्ष विमल पाल ने आरोप लगाया कि गिरफ्तार युवक का नाम पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों में सामने आ चुका है। उन्होंने दावा किया कि वाहन जलाने के एक मामले में भी उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। साथ ही उन्होंने युवक पर नशे की लत और चोरी जैसी घटनाओं में संलिप्त रहने का आरोप लगाया।
परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

