Breaking
Tue. Aug 25th, 2026

चाकुलिया में जंगली हाथियों के हमले से रेलवे लाइनमैन गंभीर रूप से घायल

जमशेदपुर।पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया वन क्षेत्र में सोमवार सुबह जंगली हाथियों के झुंड ने रेलवे ट्रैक पर कार्य कर रहे एक रेलकर्मी पर हमला कर दिया। इस घटना में रेलवे लाइनमैन गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल निवासी 53 वर्षीय संजीव सिन्हा भारतीय रेलवे में लाइनमैन के पद पर कार्यरत हैं। सोमवार सुबह वे चाकुलिया और कोकपाड़ा रेलवे स्टेशन के बीच सुनसुनिया रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक के निरीक्षण और मरम्मत कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान जंगल की ओर से करीब 13 जंगली हाथियों का झुंड रेलवे ट्रैक पार करते हुए वहां पहुंच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हाथियों को अचानक अपने सामने देखकर संजीव सिन्हा संभल नहीं सके। इसी बीच झुंड के एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया। बताया जाता है कि हाथी ने उन्हें सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे उनके दोनों पैरों समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद वहां मौजूद अन्य रेलकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी सुरक्षित स्थानों की ओर भाग गए।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। घायल रेलकर्मी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

हमले के बाद हाथियों का झुंड पुनः जंगल की ओर लौट गया। वन विभाग ने रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों से हाथियों की गतिविधियों वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।

Related Post