जमशेदपुर: राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले में 10 जून से 25 जून तक संचालित विशेष नशामुक्ति अभियान को गति देने के लिए सोमवार को समाहरणालय परिसर से जागरूकता रथ को रवाना किया गया। उपायुक्त राजीव रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रथ को जिले के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया। इस मौके पर उप विकास आयुक्त, अपर उपायुक्त, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
यह जागरूकता रथ जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेगा। अभियान के तहत रथ विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचेगा, जहां ऑडियो संदेशों, प्रचार सामग्री और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से नशे से होने वाले स्वास्थ्य, सामाजिक और पारिवारिक नुकसान की जानकारी दी जाएगी। विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों सहित अन्य लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशे की प्रवृत्ति न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार और समाज की सुख-शांति को भी नुकसान पहुंचाती है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें तथा अपने आसपास के लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक बनाकर समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में योगदान दें।

