Breaking
Sat. Jun 13th, 2026

नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाएं, तंबाकू शरीर का सबसे बड़ा दुश्मन : संतोष कुमार

आदित्यपुर। सरायकेला खरसावां जिला में टाटानगर रेल सिविल डिफेंस की ओर से शनिवार को आदित्यपुर रेलवे स्टेशन स्थित कैरेज एंड वैगन विभाग की सिक लाइन में नशामुक्ति जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेलकर्मियों और ठेका मजदूरों को तंबाकू, सिगरेट, गुटखा और पान मसाला जैसे नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा हैंडबिल वितरित कर जागरूक किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रेल सिविल डिफेंस के इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने कहा कि तंबाकू और गुटखा जैसे नशीले पदार्थ न केवल मुंह और फेफड़ों को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों को भी गंभीर रूप से प्रभावित करते हैं। उन्होंने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और सामाजिक जीवन पर प्रतिकूल असर डालती है। इसलिए सभी लोगों को नशे से दूरी बनाकर स्वस्थ और सुरक्षित जीवन अपनाने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने उपस्थित रेलकर्मियों और मजदूरों से नशामुक्ति की शपथ लेने की भी अपील की।

जागरूकता अभियान के दौरान कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन और प्राथमिक उपचार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। सिविल डिफेंस टीम ने फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग की विधि समझाई, नदी अथवा तालाब में डूबे व्यक्ति को प्राथमिक उपचार देने की प्रक्रिया बताई तथा सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही आग लगने की स्थिति में बचाव और नियंत्रण के लिए लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम में कैरेज एंड वैगन सिक लाइन के वरिष्ठ अनुभाग अभियंता अंबुजा मंडल, सुमन कुमार, टेक्नीशियन, वेल्डर, स्टोरकीपर, ठेका कर्मी और अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। सिविल डिफेंस के डेमोंस्ट्रेटर शंकर कुमार प्रसाद, वालंटियर संजय कुमार तथा वीरेंद्र मंडल ने अभियान के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।

यह जागरूकता कार्यक्रम आदित्यपुर के मंडल यांत्रिक अभियंता सिद्धांत वर्मा के निर्देश पर आयोजित किया गया। उन्होंने रेल सिविल डिफेंस की पहल की सराहना करते हुए प्रत्येक माह आपदा प्रबंधन एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया।

Related Post