साहिबगंज*। मालदा रेल मंडल के बरहड़वा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान अप वनांचल एक्सप्रेस (13403) से दो युवकों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 174 चोरी के एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 58 लाख 95 हजार 878 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने गुमानी से बरहड़वा तक ट्रेन में सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान जनरल कोच से पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक निवासी मोहम्मद नासरुद्दीन और मोहम्मद रहमत शेख को हिरासत में लिया गया।
तलाशी के दौरान दोनों के बैग से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन बरामद हुए। आरपीएफ के अनुसार, सभी मोबाइल चोरी के होने की आशंका है। बरामद मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया है तथा आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि मोबाइल फोन कहां से लाए गए थे और इस गिरोह में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच जारी है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।
पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त जांच में इस मामले से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

