रांची :* रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित कृष्णा नगर में बंद पड़े घर में हुई लाखों रुपये नकद और सोने के जेवरात की चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। वहीं, इस मामले का एक आरोपी पहले ही कोर्ट में आत्मसमर्पण कर चुका था। अब तक इस मामले में कुल छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अनारूल हक उर्फ अनारूल शेख ने कुछ दिन पहले रांची कोर्ट में सरेंडर किया था। इसके बाद उसे पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान उसने गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के माल को ठिकाने लगाने के तरीके से जुड़ी कई अहम जानकारियां दीं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में छापेमारी कर गौरंग दास और महेश गाडे को गिरफ्तार किया।
जांच में खुलासा हुआ कि चोरी के बाद गिरोह ने सोने के असली गहनों को गलाकर नए आभूषणों का रूप दे दिया था, ताकि उनकी पहचान बदलकर पुलिस की पकड़ से बचा जा सके। हालांकि, पुलिस की तकनीकी जांच और लगातार कार्रवाई के चलते आरोपियों की यह चाल ज्यादा दिन तक सफल नहीं हो सकी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार सोने के कंगन, एक सोने की चेन, सोने का एक बड़ा टुकड़ा और करीब 80 ग्राम सोना बरामद किया। इसके अलावा 25 हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं।
गौरतलब है कि यह चोरी की घटना 18 मार्च 2026 को हुई थी। कृष्णा नगर रोड नंबर-3 स्थित एक बंद मकान से नकदी और सोने के जेवरात चोरी होने के बाद मकान मालिक राहुल सिंह की शिकायत पर नगड़ी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के शुरुआती चरण में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सुल्तान मियां, दीपक कुमार साहु उर्फ बुतरू और मो. आजाद अंसारी को गिरफ्तार किया था। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 6.50 लाख रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल की गई एक बलेनो कार बरामद की थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह का नेटवर्क झारखंड से लेकर पश्चिम बंगाल तक फैला हुआ था। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी चोरी के माल को दूसरे राज्यों में पहुंचाकर बेचने या गलाने का काम करते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह ने अन्य किन-किन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।
नगड़ी थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

