Breaking
Tue. Aug 25th, 2026

डुमरिया में करैत सांप का कहर, सुमी सरदार और निनी महाकुड़ की मौत से गांवों में दहशत

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया थाना क्षेत्र में करैत सांप के डंसने से दो महिलाओं की मौत हो जाने के बाद ग्रामीण इलाकों में भय और चिंता का माहौल है। शनिवार रात अलग-अलग गांवों में हुई इन घटनाओं में मृतकों की पहचान सुमी सरदार और निनी महाकुड़ के रूप में हुई है। दोनों को सांप के डंसने के बाद परिजनों ने तत्काल डुमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर रेफर किया गया था।

जानकारी के अनुसार, पहली घटना में सुमी सरदार को करैत सांप ने डंस लिया था। उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें एमजीएम अस्पताल भेजा गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार करते हुए अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी।

वहीं, बेसरापहाड़ी गांव निवासी 28 वर्षीय निनी महाकुड़ को देर रात करैत सांप ने बाएं हाथ में डंस लिया। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें अस्पताल पहुंचाया और सांप को पकड़कर बोतल में बंद कर चिकित्सकों को भी दिखाया। हालांकि जहरीले करैत के जहर का असर तेजी से फैलने के कारण उनकी भी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से रात में सतर्क रहने तथा सांप के डंसने पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की सलाह दी है।

Related Post