कुडू-लोहरदगा: कुडू थाना क्षेत्र के चीरी पंचायत अंतर्गत कड़ाक गांव में गरीब परिवार पर अचानक आग का ऐसा कहर टूटा कि देखते ही देखते उसका पूरा आशियाना राख में तब्दील हो गया। आग लगने की इस घटना में याकूब कुजूर पिता स्व. दानाल कुजूर का घर पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। घर में रखे कपड़े, अनाज, बर्तन समेत जीवनभर की जमा-पूंजी आग की भेंट चढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह अचानक घर में आग लग गई। ग्रामीणों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन तब तक लपटें पूरे घर को अपनी चपेट में ले चुकी थीं। कुछ ही देर में परिवार के सिर से छत छिन गई और वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि याकूब कुजूर का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए भी उन्हें संघर्ष करना पड़ता है। ऐसे में घर जल जाने से परिवार के सामने भोजन, वस्त्र और रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री, आर्थिक सहायता और आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। ताकि आग से उजड़े इस परिवार को फिर से अपने जीवन की शुरुआत करने का सहारा मिल सके। यदि समय रहते सरकारी मदद नहीं मिली तो परिवार के सामने जीवन-यापन का संकट और गहरा सकता है।

