चाईबासा: मांगीलाल रूंगटा प्लस टू विद्यालय में अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) एवं नव नामांकित कक्षा 9 और 11 के विद्यार्थियों के स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद छात्राओं के समूह ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिले के उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार और विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधीक्षक प्रवीण कुमार उपस्थित रहे। विद्यालय की प्राचार्या शिल्पा गुप्ता ने अतिथियों का बुके भेंट कर स्वागत किया। वहीं शिक्षक रिंकू नाथ सतपति और मुकेश साहू ने शॉल ओढ़ाकर अतिथियों का सम्मान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए जागरूक किया। कार्यक्रम का संचालन संगीता सिन्हा और रेशमा किंडो ने किया।
इस अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रोजेक्ट परख के विभिन्न बिंदुओं, कृमि मुक्ति दिवस, मादक पदार्थों के बहिष्कार, “ईच वन प्लांट वन”, विद्यार्थी जीवन, पठन-पाठन और अनुशासन जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम में नशा मुक्ति को लेकर सामूहिक शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम के दौरान बैलून गेम सहित अन्य मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें बेहतर प्रदर्शन करने वाले अभिभावकों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए सम्मानित किया गया। अभिभावकों ने भी मंच पर अपने विचार रखते हुए कार्यक्रम की सराहना की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में शकुंतला बाँकिरा, रोशनी दुलारी टोपनो, रीना जयश्री मिंज, विजय महाली, अमितेश राय, अमित महतो, पूर्णिमा मुर्मू, संगीता बारी, सिद्धि शर्मा और हिमांशु शेखर का विशेष योगदान रहा।
अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

