कोडरमा। विधायक डॉ नीरा यादव के वाहन चालक राजकुमार यादव की हत्या मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त किए गए कुदाल, चपड़ा के साथ एक आरोपी का खून लगा टी शर्ट को बरामद कर लिया है। 3 जून की रात हुए विवाद में राजकुमार यादव पर उसके पड़ोस में रहने वाले लोगों ने हमला कर हत्या कर दी थी। एसपी कुमार शिवाशीष ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि मृतक एवं अभियुक्तों के बीच पिछले 8 वर्षों से जमीन विवाद चला आ रहा है। ग्रामीणों के माध्यम से कई बार इसपर पंचनामा हुई भी है, परन्तु कोई स्थायी हल नहीं निकला। इस मामले को लेकर मृतक की पत्नी स्वेता देवी के आवेदन पर 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। जिसमें पांच लोगों को गिरफ्तार कर आज पुलिस ने जेल भेज दिया है। कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान पर लापरवाही के आरोपों पर एसपी ने बताया कि डीएसपी स्तर से जांच की जा रही है और अगर किसी भी पुलिसकर्मी की लापरवाही इस मामले में पाई जाती है, तो उसपर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस उपाधीक्षक अरविन्द कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्तों को चिन्हित कर एवं अन्य सूचना के आधार पर प्राथमिकी अभियुक्त गोपाल यादव, भीखन यादव, गुलबी देवी, विजय यादव एवं सचिन यादव को छापामारी कर गिरफ्तार किया एवं घटना में प्रयुक्त चपड़ा (कुदाल) एवं लोहे का फरसा को बरामद किया गया है। आरोपियों में गोपाल यादव (44 वर्ष, पिता भीखन यादव), भीखन यादव (70 वर्ष, पिता स्व अकल महतो), गुलबी देवी (65 वर्ष, पति भीखन यादव), विजय यादव (25 वर्ष, पिता राजु यादव) और सचिन यादव (19 वर्ष, पिता गोपाल यादव) को गिरफ्तार किया गया है।

