Breaking
Sun. Jun 28th, 2026

सदर अस्पताल का दूसरा गेट खुलने से मरीजों और स्थानीय लोगों को राहत, रिवॉल्विंग गेट व सीसीटीवी लगाए गए

चाईबासा: सदर अस्पताल, चाईबासा के बीएसएनएल कार्यालय की ओर स्थित वर्षों से बंद दूसरे प्रवेश द्वार को दोबारा खोल दिए जाने से मरीजों, उनके परिजनों, अस्पताल कर्मियों और स्थानीय व्यवसायियों में खुशी का माहौल है। अस्पताल प्रबंधन ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इस गेट पर रिवॉल्विंग गेट और सीसीटीवी कैमरा भी स्थापित किया है।

स्थानीय लोगों ने इस पहल के लिए कांग्रेस प्रवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका आभार जताया। गुरुवार शाम को लोगों ने उन्हें धन्यवाद दिया और कहा कि गेट खुलने से आम लोगों की लंबे समय से चली आ रही परेशानी दूर हुई है।

गौरतलब है कि गेट बंद होने के कारण बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन की ओर से आने वाले मरीजों तथा उनके परिजनों को अस्पताल पहुंचने के लिए काफी दूरी तय कर मुख्य द्वार से आना-जाना पड़ता था। इससे मरीजों और तीमारदारों को काफी असुविधा होती थी।

गेट बंद रहने का असर आसपास के छोटे कारोबारियों पर भी पड़ा था। फल विक्रेता, दूध, चाय और बिस्किट विक्रेता, दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दुकानदार तथा छोटे होटल संचालकों के यहां ग्राहकों की संख्या कम हो गई थी। गेट खुलने के बाद इन व्यवसायियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर त्रिशानु राय ने कहा कि जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा बनी रहेगी और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार प्रयास करते रहेंगे।

मौके पर बसंत कारवा, राजेश प्रसाद, पुरुषोत्तम गोराई, रूपेश खत्री, सुनील गुप्ता, कार्तिक नंदी, गोपाल पैडा, जय कारवा, गौरंगो दास सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Related Post