जमशेदपुर: सिखों के पांचवें गुरु, गुरु अर्जुन देव जी महाराज के शहीदी दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जमशेदपुर के गोलमुरी चौक पर सिख नौजवानों की ओर से छबील का आयोजन किया गया। इस दौरान राहगीरों, स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों के बीच ठंडा मीठा शरबत और चना वितरित किया गया।
भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा कार्य का उद्देश्य लोगों को राहत पहुंचाने के साथ-साथ सेवा, मानवता और भाईचारे का संदेश देना था। आयोजन स्थल पर बड़ी संख्या में लोगों ने शरबत ग्रहण किया और इस पहल की सराहना की।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल सारंगी, भाजपा नेता दिनेश कुमार, सीजीपीसी के चेयरमैन शैलेन्द्र सिंह, कार्यवाहक प्रधान सुखविंदर सिंह राजू, सेंट्रल सिख नौजवान सभा के प्रधान अमरीक सिंह, भाजपा नेता धर्मेंद्र प्रसाद, मंजीत सिंह, आगाज़ संस्था के संस्थापक अध्यक्ष इंदरजीत सिंह, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष मंजीत आनंद, जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय बीपीएम बर्मामाइंस की प्रधानाध्यापिका रंजीता गांधी, जसबीर पदरी और जगतार नागी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने गुरु अर्जुन देव जी के बलिदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सत्य, मानवता और धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनका जीवन और शहादत आज भी समाज को सेवा, समर्पण, सहिष्णुता और आपसी सद्भाव का संदेश देती है।
छबील के दौरान सैकड़ों लोगों ने शीतल शरबत और चना ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में सुखदीप सिंह, सुखदेव सिंह गोल्डी, राजदीप सिंह, मनप्रीत सिंह, गुरदीप सिंह, दीपक कुमार, विनीत कुमार सहित कई युवाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।
आयोजकों ने कहा कि गुरु परंपरा में सेवा को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है और ऐसे आयोजन समाज में एकता, करुणा और मानव सेवा की भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

