Breaking
Sun. May 31st, 2026

स्कूटी चलाना सीखने के दौरान हादसा, दो किशोरों की मौत से मनोहरपुर में मातम

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो किशोरों की जान चली गई। बताया जाता है कि दोनों दोस्त स्कूटी चलाना सीखने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में एक कलवर्ट पुलिया के पास संतुलन बिगड़ जाने से स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान पुराना मनोहरपुर निवासी संजय लोहार के 14 वर्षीय पुत्र वतन लोहार तथा मनीपुर निवासी शिव कुमार सांडिल के पुत्र ओम सांडिल के रूप में हुई है। दोनों किशोर अपने एक मित्र की स्कूटी लेकर अभ्यास करने के लिए मैदान की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नाले पर बनी कलवर्ट पुलिया के समीप स्कूटी अनियंत्रित हो गई और दोनों वाहन समेत नीचे जा गिरे।

हादसा इतना गंभीर था कि दोनों किशोरों के सिर, हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को उठाकर मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में जैसे ही मौत की सूचना परिजनों को मिली, वहां कोहराम मच गया।

घटना की सूचना पर मनोहरपुर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और कानूनी प्रक्रिया शुरू की। थाना प्रभारी एनुवाल एक्का ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं ,शोकाकुल परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए।

Related Post