जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर में रविवार की रात रंगदारी और उधारी के विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब दो युवकों द्वारा एक जनरल स्टोर संचालक को कथित रूप से धमकाने के लिए फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हबीब नगर स्थित एक जनरल स्टोर पर रविवार रात करीब 7:45 बजे मोहल्ले के ही बच्चा राज और पलटन नामक दो युवक पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि दोनों युवकों ने दुकानदार से लगभग पांच हजार रुपये की उधारी राशि के साथ-साथ रंगदारी की मांग की। दुकानदार द्वारा पैसे देने से इनकार किए जाने पर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
बताया जाता है कि विवाद बढ़ता देख दुकानदार ने अपनी सुरक्षा के मद्देनजर दुकान का शटर बंद कर लिया। इससे नाराज दोनों युवकों ने कथित तौर पर दुकान के शटर पर लात मारकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। इसी दौरान उन्होंने इलाके में भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से दो राउंड हवाई फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग सहम गए और अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पहली गोली दुकान के सामने सड़क किनारे बंपर के पास चली, जबकि दूसरी गोली कुछ दूरी पर दागी गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोलीबारी की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दो खाली खोखे बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की गतिविधियों और घटना के क्रम की पुष्टि की जा सके।
मोहल्ले के कई लोगों का कहना है कि आरोपित युवक पहले भी क्षेत्र में विवाद और आपराधिक गतिविधियों को लेकर चर्चा में रहे हैं। हालांकि, संबंधित दुकानदार के साथ इस प्रकार की घटना पहली बार सामने आई है। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़ित पक्ष के बयान दर्ज किए जा रहे हैं तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करने का भरोसा दिया है।
फिलहाल फायरिंग की इस घटना के बाद मिल्लत नगर और आसपास के क्षेत्रों में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

