Breaking
Sun. May 31st, 2026

बीएड प्रवेश परीक्षा में बवाल: केंद्र के बाहर छात्रों का विरोध, एंट्री नहीं मिलने पर हंगामा

जमशेदपुर: बीएड, एमएड और बीपीएड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा के दौरान रविवार को जमशेदपुर के ग्रेजुएट कॉलेज परीक्षा केंद्र पर उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब कई अभ्यर्थियों को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी गई। इससे नाराज छात्रों ने परीक्षा केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और परीक्षा संचालन व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ अभ्यर्थियों ने परीक्षा में शामिल होने की मांग को लेकर कॉलेज के मुख्य गेट पर चढ़ने का प्रयास किया, जबकि कुछ छात्रों ने गेट फांदकर अंदर जाने की कोशिश भी की। घटना के बाद केंद्र के बाहर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 10:15 बजे निर्धारित था और परीक्षा 10:30 बजे शुरू होनी थी। उनका आरोप है कि वे परीक्षा शुरू होने से पहले ही कॉलेज परिसर पहुंच गए थे, लेकिन प्रवेश द्वार पर दस्तावेजों की जांच और अन्य प्रक्रियाओं में देरी के कारण उन्हें समय पर अंदर नहीं जाने दिया गया। छात्रों के अनुसार गेट पर तैनात कर्मियों ने उन्हें प्रतीक्षा करने के लिए कहा, जिससे उनका समय बर्बाद हुआ और बाद में उन्हें प्रवेश से वंचित कर दिया गया।

कई छात्रों ने आरोप लगाया कि परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले कुछ अभ्यर्थियों को अंदर जाने दिया गया, जबकि अन्य को रोक दिया गया। इससे छात्रों में असंतोष और बढ़ गया। उनका कहना था कि यदि कुछ अभ्यर्थियों को अंतिम समय में प्रवेश दिया जा सकता है तो उन्हें परीक्षा देने का अवसर क्यों नहीं मिला।

परीक्षा से वंचित छात्रों का कहना है कि वे भले ही रिपोर्टिंग समय से कुछ मिनट देरी से पहुंचे हों, लेकिन परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्र पर मौजूद थे। इसके बावजूद उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश नहीं दिया गया। उनका मानना है कि इस फैसले से उनका पूरा शैक्षणिक वर्ष प्रभावित हो सकता है।

छात्रा प्रिया सिंह, हाजरा खातून, जियासवारी दास और ज्योति समेत कई अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि मामूली देरी को आधार बनाकर उन्हें परीक्षा से बाहर कर दिया गया। उन्होंने इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए मामले की जांच और उचित कार्रवाई की मांग की।

वहीं, ग्रेजुएट कॉलेज की प्राचार्य डॉ. वीना सिंह प्रियदर्शी ने कहा कि निर्धारित समय के भीतर पहुंचने वाले सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी गई है। उनके अनुसार परीक्षा संचालन निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों के तहत कराया गया।

Related Post