चाईबासा: महिला कॉलेज, चाईबासा स्थित इग्नू स्टडी सेंटर (कोड-0525) में जनवरी 2026 सत्र में नामांकन लेने वाले नव नामांकित शिक्षार्थियों के लिए शनिवार को अभिप्रेरणा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य नए छात्र-छात्राओं का स्वागत करना, इग्नू की शैक्षणिक व्यवस्था एवं असाइनमेंट प्रणाली की जानकारी देना तथा उनकी शैक्षणिक यात्रा को सुगम बनाना था।
बैठक की शुरुआत स्टडी सेंटर की समन्वयक डॉ. सुचिता बाड़ा ने की। उन्होंने शिक्षार्थियों का स्वागत करते हुए केंद्र की सुविधाओं, संपर्क व्यवस्था और आगामी मार्गदर्शन सत्रों की जानकारी दी।
सहायक समन्वयक डॉ. अर्पित सुमन टोप्पो ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की शैक्षणिक विशेषताओं, ओपन यूनिवर्सिटी मॉडल तथा लचीली अध्ययन व्यवस्था के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने शिक्षार्थियों को स्वयं अध्ययन, समय प्रबंधन और परामर्श सत्रों में नियमित भागीदारी के महत्व से अवगत कराया।
सहायक समन्वयक डॉ. प्रशांत कुमार खरे ने इग्नू असाइनमेंट की संरचना, जमा करने की प्रक्रिया, मूल्यांकन प्रणाली तथा सामान्य त्रुटियों से बचने के उपायों पर जानकारी दी। उन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर असाइनमेंट जमा करने और आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान आयोजित संवाद सत्र में शिक्षार्थियों ने विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका समन्वयकों ने विस्तार से उत्तर दिया।
स्टडी सेंटर की ओर से शिक्षार्थियों को भविष्य में आयोजित होने वाले नियमित मार्गदर्शन सत्रों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे अपने पाठ्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा कर सकें।
बैठक में लगभग 30 शिक्षार्थियों के अलावा स्टडी सेंटर के स्टाफ अर्धेंदु गिरी, मनोज कुमार और सुनंदा देवी उपस्थित रहे।

