जमशेदपुर: खासमहल स्थित श्री श्री जगन्नाथ मंदिर में शनिवार को धार्मिक आस्था और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर से जुड़े धार्मिक, सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यों को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से गठित एवं पंजीकृत “श्री श्री जगन्नाथ मंदिर जनसेवा ट्रस्ट” की नवगठित कार्यकारिणी का मंदिर परिसर में विधिवत स्वागत और सम्मान किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंदिर के प्रधान पुजारी अभिमन्यु पाणिग्रही द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ हुई। उन्होंने नवगठित ट्रस्ट के सभी पदाधिकारियों को भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विशेष पूजा कराकर उनका आशीर्वाद दिलाया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद सभी पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।
ट्रस्ट की नई कार्यकारिणी में दिलीप करुया को अध्यक्ष, महेश कड़िया को उपाध्यक्ष, मुनमुन चक्रवर्ती को सचिव, जुगल चंद्र दास को सह सचिव, जीडी महतो को कोषाध्यक्ष तथा दुर्गा प्रसाद मिश्रा को सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नवगठित टीम ने मंदिर के विकास और जनसेवा गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिलीप करुया ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की कृपा से गठित यह ट्रस्ट मंदिर की गौरवशाली धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के साथ-साथ सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के कार्यों को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट समाज के सभी वर्गों को जोड़ते हुए सेवा, संस्कार और सहयोग की भावना को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास करेगा।
ट्रस्ट के गठन और उसके विधिवत पंजीकरण की खबर से मंदिर समिति के सदस्यों, श्रद्धालुओं और क्षेत्र के लोगों में विशेष उत्साह देखा गया। उपस्थित लोगों ने नवगठित ट्रस्ट के सफल संचालन की कामना करते हुए भगवान श्री जगन्नाथ से प्रार्थना की कि यह संस्था धर्म, सेवा और समाजहित के कार्यों के माध्यम से लोगों के लिए प्रेरणा का केंद्र बने।

